महीनों से खराब हैंडपंप, पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण
सीधी। जिले की कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कोडार के देवार्थ नौढिया में राजबहादुर सिंह पिता सुखदेव सिंह के घर के सामने लगा हैंडपंप पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। हैंडपंप बंद होने से पूरे मोहल्ले के लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप खराब होने के कारण उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। समस्या से परेशान ग्रामीणों में ऋषिकेश चतुर्वेदी, राम रक्षा, चंद्रपाल सिंह, अमरपाल सिंह, राजबहादुर सिंह, छोटकी सिंह, लालदेव सिंह, रंगदेव सिंह, जगन्नाथ सिंह सहित मोहल्ले के अन्य लोगों ने शीघ्र हैंडपंप की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीण ऋषिकेश चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों से मोबाइल पर संपर्क कर समस्या से अवगत कराया। इस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि वे कलेक्टर के दौरे में व्यस्त हैं और दौरा समाप्त होने के बाद हैंडपंप की मरम्मत कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को देखते हुए खराब हैंडपंप को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

