दतिया हार के बाद MP बीजेपी में बढ़ी सियासी हलचल! दिल्ली में हेमंत खंडेलवाल की नितिन नबीन से मुलाकात

दतिया हार के बाद MP बीजेपी में बढ़ी सियासी हलचल! दिल्ली में हेमंत खंडेलवाल की नितिन नबीन से मुलाकात, संगठन में बड़े मंथन के संकेत

मध्य प्रदेश की सियासत में दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी के भीतर राजनीतिक हलचल तेज होती नजर आ रही है। चुनावी झटके के बाद प्रदेश बीजेपी के नेताओं का दिल्ली दौरा लगातार जारी है। इसी सिलसिले में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की।

मुलाकात को संगठनात्मक गतिविधियों और मध्य प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की जानकारी जरूर साझा की है।

दतिया नतीजे के बाद दिल्ली में बैठकों का दौर

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से शिकस्त दी। इस नतीजे के बाद बीजेपी के भीतर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर मंथन का दौर शुरू हो गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकातें भी सामने आ चुकी हैं। वहीं, कैलाश विजयवर्गीय की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात ने भी प्रदेश की सियासत में चर्चाओं को हवा दी है।

क्या दतिया हार के बाद बदल रही है रणनीति?

लगातार हो रही इन मुलाकातों को दतिया उपचुनाव के नतीजे के बाद बीजेपी की संगठनात्मक समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि प्रदेश नेतृत्व से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक बैठकों का सिलसिला ऐसे समय में तेज हुआ है, जब बीजेपी को दतिया में अप्रत्याशित चुनावी झटका लगा है।

अब सवाल यही है कि क्या इन बैठकों के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी में संगठन को लेकर कोई बड़ा फैसला या रणनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा? फिलहाल केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन की गतिविधियों पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।

 

Leave a Comment