Mpnews:सीधी में किसान की मौत को लेकर बड़ा खुलासा,सूअर मारने के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आया किसान, परिजनों का आरोप, पुलिस जांच में नया मोड़
Mpnews:सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी सिहावल के ग्राम घोपारी में खेत की सिंचाई के दौरान 50 वर्षीय किसान की करंट से मौत के मामले में अब नया और गंभीर खुलासा सामने आया है। मृतक किसान के परिजन ने आरोप लगाया है कि खेत में सूअर मारने के लिए जानबूझकर करंट बिछाया गया था, जिसकी चपेट में आने से अंगद पटेल की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान अंगद पटेल पिता रामसखा पटेल, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी ग्राम घोपारी के रूप में हुई है। परिजन राकेश पटेल ने बताया कि अंगद पटेल बीती रात खेत में सिंचाई करने गए थे। खेत में पहले से ही विद्युत तारों के माध्यम से करंट फैलाया गया था, जो जंगली सूअरों को मारने के उद्देश्य से लगाया गया था। इसी घातक करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हुई, जब अंगद पटेल घर नहीं लौटे और उनकी तलाश की गई। खेत पहुंचने पर उनका शव पड़ा हुआ मिला। इस भयावह दृश्य को देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
Mpnews:सूचना मिलते ही सिहावल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस मामले में एएसआई अजीत पांडे ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में करंट से मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि अब परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है और यह जांच की जा रही है कि क्या वास्तव में सूअर मारने के लिए अवैध रूप से करंट बिछाया गया था। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
