NH-43 किनारे अवैध मुरूम उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, टीबीसीएल कंपनी के 3 डंपर ,एक टेलर और पोकलेन जब्त
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (एनएच-43) के किनारे चल रहे मुरूम के अवैध उत्खनन पर शिकंजा कस दिया। पाली एसडीएम मीनाक्षी बंजारे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीबीसीएल कंपनी के तीन डंपर, एक टेलर और एक पोकलेन मशीन मौके से जब्त की गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि एनएच-43 के किनारे बिना वैध अनुमति के मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पाली एसडीएम मीनाक्षी बंजारे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान वहां भारी मशीनों से मुरूम की खुदाई और डंपरों में भरकर परिवहन की तैयारी होती मिली।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद कंपनी के कर्मचारियों से उत्खनन से संबंधित अनुमति, खनिज विभाग की स्वीकृति और परिवहन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि कंपनी की ओर से कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन डंपर और एक पोकलेन मशीन को जब्त कर लिया।
प्रशासन का कहना है कि बिना वैध अनुमति किसी भी प्रकार का खनिज उत्खनन नियमों का उल्लंघन है। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध उत्खनन का प्रतीत होने पर सभी वाहनों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित विभागों से भी इस मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि एनएच-43 के आसपास लंबे समय से मुरूम के अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ खनिज अधिनियम और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जब्त किए गए तीनों डंपर और पोकलेन मशीन को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।


