नियम तोड़ने वाली बसों पर चला परिवहन विभाग का डंडा, मानपुर में मची अफरा-तफरी
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मानपुर क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ रही यात्री बसों पर बड़ी कार्रवाई की गई। इस अभियान से बस संचालकों और वाहन मालिकों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
परिवहन आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने मानपुर क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान यात्री बसों को रोककर फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड लिमिट डिवाइस, वीएलटीडी और आपातकालीन दरवाजों की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान कई बसों में गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। एक यात्री बस बिना वैध परमिट के संचालित होती मिली, जिस पर मोटर व्हीकल एक्ट 1988 एवं मध्यप्रदेश मोटरयान कराधान (संशोधन) अधिनियम 2025 के तहत 46 हजार रुपये का भारी शमन शुल्क वसूला गया। वहीं दूसरी बस बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के सड़क पर दौड़ती पाई गई, जिस पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहन संचालकों को सख्त चेतावनी भी दी कि बिना फिटनेस, बीमा, परमिट और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के कोई भी यात्री वाहन संचालित नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


