Sidhi news: सीधी जिले के छत्रसाल स्टेडियम में होगा मुख्य कार्यक्रम
संवाददाता अविनय शुक्ला (7723041705)
Sidhi news: बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा शनिवार को परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। छत्रसाल स्टेडियम में इसके लिए 30 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। भगवान श्री राम इसका दहन करेंगे। प्रशासन ने इसके लिए रात 9 बजे का समय निर्धारित किया है। जनप्रतिनिधियों का संबोधन व रामलीला मंचन भी प्रस्तावित है। इससे पहले शहर में भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शहर में जगह जगह आरती की जाएगी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि किसी को परेशानी न हो। रावण पुतले का निर्माण 85 हजार 750 रुपए की लागत से किया गया है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी शुभम इंटरप्राइजेज सीधी को सौंपी गई है। बताया गया है कि रावण पुतला में करीब 15 हजार की आतिशबाजी लगाई है। पुतले के सिर में इलेक्ट्रॉनिक अकरण लगाए हैं। ताकि राम से युद्ध के दौरान रावण दहाड़ मार सके और मूव कर सके। रामपुर नैकिन में गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी दशहरा कार्यक्रम की भव्य तैयारी की है। नगर पंचायत प्रशासन ने 25 फीट ऊंचा रावण का पुतला का निर्माण कराया है। नया बस स्टैंड में रावण दहन का कार्यक्रम रामकुमार साहू अध्यक्ष नगर परिषद रामपुर नैकिन, आनंद बिहारी मिश्रा पूर्व अध्यक्ष नगर परिषद रामपुर नैकिन, श्रीमती संगीता गुप्ता उपाध्यक्ष नगर परिषद रामपुर नैकिन एवं सभी पार्षदों के उपस्थित में आयोजित होगा। कस्बे में दशहरा का भव्य आयोजन किया जाता है। जिसमें नगरवासियों के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। वहीं स्टेडियम में दशहरा पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उधर मझौली स्थित कॉलेज ग्राउंड में दशहरे पर रावण का पुतला का दहन किया जाएगा। नगर परिषद ने इसके लिए 35 फीट ऊंचा पुतला तैयार कराया है। कॉलेज ग्राउंड में पुतला दहन से पहले रामलीला का मंचन व मां दुर्गा की झांकियों का प्रदर्शन किया जाता है। कार्यक्रम में आमजन के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होगे। थाना प्रभारी ने तैयारियां कर ली हैं। शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार दुर्गा उत्सव समितियों को तय समय व स्थान से अवगत करा दिया गया है। मूर्ति विसर्जन के लिए घाट भी चिह्नित किए गए हैं। इसी तरह जिला मुख्यालय एवं आसपास की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सोन नदी गऊघाट में करने की तैयारी है। गऊघाट में कमर्जी एवंअन्य क्षेत्रों से भी काफी संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन के लिए आती हैं। सोन नदी के जोगदहा घाट अमिलिया, कोलदहा, भंवरसेन समेत सोन नदी के अन्य तटों में भी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। गोपद एवं बनास नदी के विभिन्न तटों में भी प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारी की गई है।
नवमी पर हुआ जगह- जगह विशाल भंडारा
Sidhi news: शारदेय नवरात्रि की नवमी तिथि पर आज सुबह से ही हवन एवं कन्या भोज का आयोजन चलता रहा। इसके बाद जगह-जगह विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। भंडारा का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भंडारा का प्रसाद ग्रहण किया। शारदेय नवरात्रि पर्व की धूम आज नवमी की शाम तक बनी रही। दुर्गा पंडालों के साथ ही देवी मंदिरों में भी हवन एवं कन्या भोज का आयोजन सुबह से लेकर दोपहर तक अनवरत रूप से चलता रहा। वहीं दुर्गा प्रतिमा पंडालों में भी हवन एवं कन्या भोज का कार्यक्रम दोपहर तक होता रहा। दोपहर के बाद से विशाला भंडारा का आयोजन शुरू हो गया। दुर्गा प्रतिमा पंडालों में देर शाम तक भंडारा का प्रसाद बटता रहा। जिनमें लोगों की काफी भीड़ दोपहर बाद से उमड़ती रही। जिला मुख्यालय में सैकड़ों दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होने के कारण लोगों की काफी भीड़ रही।
प्रतिमा विसर्जन को लेकर नदियों में रहेगी कड़ी चौकसी
Sidhi news: दशहरा पर जिले भर में रावण दहन कार्यक्रम एवं दुर्गा प्रतिमाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक पैमानें पर इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन स्थलों में तैनात हो चुकी है। साथ ही पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त पुलिस बल संबंधित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल पर बैरिकेटिंग की व्यवस्था भी बनाई गई है ताकि ज्यादा गहरे पानी में लोग जाकर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन न करें। आपात परिस्थिति से निपटने के लिए कई नदियों में मोटर वोट के साथ पुलिस प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ मौजूद है। शाम ढलने के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन के मद्देनजर कई नदी तटों पर प्रकाश के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। साथ ही कई जगहों में जनरेटर की व्यवस्था भी बनाई गई है।