सिहावल कृषि विभाग में ‘रजिस्टर का खेल’! प्राकृतिक खेती कार्यशाला में 200 किसानों के बीज वितरण के दावे पर उठे सवाल
अमिलिया में आयोजित कार्यशाला में बजट खर्च होने का दावा, लेकिन मौके पर किसानों की संख्या और व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज।
सीधी। जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अमिलिया में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती कार्यशाला सह बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागीय अभिलेखों के अनुसार कार्यक्रम में 200 किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस आयोजन के लिए विभाग को लगभग एक लाख रुपये का बजट भी उपलब्ध कराया गया था, ताकि किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं कार्यक्रम का समुचित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
हालांकि कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े होने लगे हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभागीय अभिलेखों में व्यवस्थाएं और लक्ष्य तो पूर्ण दर्शा दिए गए, लेकिन मौके की वास्तविक स्थिति कुछ और ही दिखाई दी। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद किसानों की संख्या और उपलब्ध तस्वीरों को देखने के बाद यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि क्या वास्तव में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 200 किसानों को बीज वितरित किए गए या फिर पूरा मामला केवल कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन किसानों के हित में समय-समय पर अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित करता है और उनके सफल क्रियान्वयन के लिए पर्याप्त बजट भी उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन यदि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पूरी पारदर्शिता के साथ नहीं पहुंचता और केवल सरकारी रजिस्टरों में ही लक्ष्य पूरे दिखा दिए जाते हैं, तो इससे योजनाओं की मंशा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे मामलों में यह आवश्यक हो जाता है कि संबंधित विभाग वास्तविक लाभार्थियों, बीज वितरण की सूची तथा व्यय का सार्वजनिक सत्यापन कराए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांतियों और अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिहावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक विश्वामित्र पाठक उपस्थित रहे। उनके साथ एसडीएम राकेश शुक्ला, डीडीए सीधी आर.एस. गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ गौतम, कृषि वैज्ञानिक महेंद्र सिंह, दलबहादुर सिंह, गजराज सिंह, कृषि अधिकारी राजेश सिंह चौहान, एसडीओ सुंदरलाल साकेत, कपूर चंद्र साहू, घनश्याम गुप्ता, अनिल गुप्ता, संतोष शुक्ला, मुद्रिका प्रसाद मिश्रा, अजय चतुर्वेदी, दद्दी साहू, कृष्ण देव पाण्डेय, पन्नालाल कोल सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे।

