---Advertisement---

पदस्थापना विवाद ने बढ़ाया तनाव , जनसंपर्क विभाग में कलमबंदी तेज, उमरिया भी प्रभावित

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Updated on:

---Advertisement---

पदस्थापना विवाद ने बढ़ाया तनाव , जनसंपर्क विभाग में कलमबंदी तेज, उमरिया भी प्रभावित

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग में सोमवार से असंतोष खुलकर सामने आ गया। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आरएएस अधिकारी गणेशा जायसवाल की पदस्थापना का विरोध करते हुए राज्यभर में पेन डाउन हड़ताल शुरू कर दी। यह फैसला आयुक्त जनसंपर्क दीपक सक्सेना से प्रतिनिधिमंडल की भेंट के बाद लिया गया, जिसके बाद कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया कि आदेश वापस होने तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी नियमित कार्य नहीं करेगा।

विभागीय कैडर का कहना है कि जनसंपर्क विभाग विशिष्ट कौशल, रचनात्मक लेखन, मीडिया समन्वय और संचार रणनीति पर आधारित है, जिसे वर्षों से प्रशिक्षित जनसंपर्क अधिकारियों ने विकसित किया है। उनका मत है कि प्रशासनिक सेवा के अधिकारी की नियुक्ति यहां विभाग की कार्यप्रणाली और पेशेवर ढांचे को प्रभावित कर सकती है। कर्मचारियों ने इसे बाहरी हस्तक्षेप बताते हुए विभाग की स्वायत्तता पर खतरा माना है।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि वे लगातार सरकारी योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने का काम करते हैं, लेकिन अचानक की गई ऐसी पदस्थापना विभाग की गरिमा और विशेषज्ञता पर सवाल खड़े करती है। कर्मचारियों ने मांग की है कि मुख्यमंत्री, जो स्वयं विभाग के मंत्री भी हैं, तुरंत हस्तक्षेप कर आदेश निरस्त करें।

हड़ताल का असर शासन-प्रशासन की गतिविधियों पर तेजी से पड़ रहा है। प्रेस नोट, मीडिया संवाद, समाचार संग्रहण, सरकारी विज्ञापन, कार्यक्रम कवरेज और प्रचार-प्रसार जैसी सभी गतिविधियाँ ठप हो गई हैं। यदि स्थिति इसी तरह जारी रही तो सरकारी संचार तंत्र प्रभावित हो सकता है।

उमरिया में भी जनसंपर्क का काम थमा

राज्यव्यापी आंदोलन का असर उमरिया जिला मुख्यालय में साफ दिखाई दिया। यहां जनसंपर्क विभाग के कर्मचारियों ने कलमबंदी का समर्थन करते हुए सभी कार्य बंद कर दिए। विभागीय कार्यालयों में सन्नाटा रहा और कवरेज से लेकर समाचार जारी करने तक कोई गतिविधि नहीं हुई। स्थानीय अधिकारियों ने भी साफ कहा कि जब तक आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। प्रशासनिक स्तर पर भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn