सड़क किनारे खड़े ट्रक ने ली दो युवकों की जान, तेज रफ्तार बाइक की भिड़ंत से मचा मातम
एमपी के रीवा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की लापरवाही ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। सगरा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार पंकज साकेत निवासी बैकुंठपुर और आकाश साकेत निवासी जुइला, रायपुर करचूलियान किसी जरूरी काम से बाइक के माध्यम से रीवा से बैकुंठपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सगरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जहा प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और सड़क किनारे बिना किसी संकेत के खड़े ट्रक की वजह से हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे और मुख्य मार्गों पर भारी वाहन चालक अक्सर लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
वही इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई और रात में सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

