सीधी जिले में कार बोलेरा में भीषण टक्कर पति-पत्नी एवं पुत्री की दर्दनाक मौत
सीधी जिले के बहरी–देवसर मार्ग पर स्थित गोपद नदी के पुल के पास बुधवार, 29 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 4 से 4:30 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बोलेरो और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बहरी पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। यह दुर्घटना गोपद नदी के दक्षिणी हिस्से में, सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत झोंकों चेक पोस्ट के पास हुई बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान गायत्री तिवारी (48 वर्ष), उनकी पत्नी ममता तिवारी (45 वर्ष) और पुत्री नेहा तिवारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के कोरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हड्डीहा के निवासी थे। बताया जा रहा है कि परिवार कार (क्रमांक MP66ZF5175) से बैढ़न में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो (क्रमांक MP53CA7732) से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
इस हृदय विदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

