सीधी में बड़ा हादसा टला, CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, दहशत में आए लोग, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सीधी जिले के बम्हनी चौकी क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब CNG गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। यह हादसा देवनढ़ नल के पास हुआ, जहां कुछ ही पलों में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और संभावित खतरे को लेकर दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर (GJ02 ZZ 7450) का ट्रक CNG सिलेंडरों को खाली कर सीधी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रक सड़क से नीचे उतरते हुए पलट गया। ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मौजूद होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी।
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। गैस रिसाव या विस्फोट की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरती गई, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
अब राहत की बात यह रही कि इस गंभीर हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। आसपास मौजूद लोग भी सुरक्षित रहे।
जहा चौकी प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक गैस खाली कर लौट रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि जहां ट्रक पलटा, वहां सड़क किनारे करीब 200 मीटर तक खुला स्थान था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
वही फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक को हटाने की कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और खतरनाक सामग्री के परिवहन में सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

