सीधी जिले के भुईमाड़ थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत गैवटा अंतर्गत देवरी गांव में रविवार की भोर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, एक वृद्धा का शव गांव के पास स्थित कुएं से बरामद किया गया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल व्याप्त है। देवरी निवासी राजकुमार पनिका अपने भांजे शिब्बू पनिका के साथ थाना भुईमाड़ पहुंचकर मौखिक सूचना दर्ज कराई कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने अपने स्थान पर सो गए थे। रविवार सुबह करीब 4 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनकी 63 वर्षीय मां गुजरतिया पनिका, पत्नी स्व. सीताप्रताप पनिका, घर में मौजूद नहीं थीं। परिजनों ने पहले घर और आसपास उनकी तलाश की लेकिन जब कहीं कोई पता नहीं चला तो चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने लोहे के कांटे की सहायता से कुएं में तलाश की तो वृद्धा के वस्त्र उसमें फंस गए और कुछ ही देर में उनका शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। परिजनों ने शव की पहचान गुजरतिया पनिका के रूप में की।
घटना की सूचना मिलते ही भुईमाड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर है.

