सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा,मिनी हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, मासूम समेत तीन गंभीर घायल
सीधी जिले के पथरौला चौकी अंतर्गत बरवाही गांव में मंगलवार देर रात करीब 10 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मिनी हाइवा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और 5 साल के मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान आनंद बहादुर सिंह निवासी बकवा के रूप में हुई है। हादसे में अरुणा बसौर, संजय बसौर, आयुष बसोर शामिल हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
108 एंबुलेंस चालक मनोज यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। बाकी तीनों घायलों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को तत्काल जिला अस्पताल सीधी के लिए रवाना किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना को लेकर पथरौला चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को अपने कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बुधवार सुबह मड़वास अस्पताल भेज दिया। देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।
पुलिस ने दुर्घटना करने वाले मिनी हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
बरवाही क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

