सीधी में खूनी संघर्ष का VIDEO वायरल: तिलक से लौट रहे परिवार पर हमला, युवक को बेल्ट-डंडों से पीटा; बहरी में 13 आरोपियों पर FIR
Sidhi जिले के Bahri थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मारपीट की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को इन घटनाओं से जुड़ा एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दबंग युवकों द्वारा बेरहमी से लोगों की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पहला मामला 11 अप्रैल की रात का बताया जा रहा है। मलयखम निवासी 18 वर्षीय श्यामलाल साहू अपने जीजा संजय साहू, बहन श्यामली और दो साल के मासूम बच्चे के साथ तिलक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान लखिया गांव के अखिलेश साहू, संदीप साहू, विकास साहू और राहुल साहू ने बाइक से पीछा कर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि सभी ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे परिवार के लोग घायल हो गए।
दूसरी घटना 22 अप्रैल को केके ढाबा के पास हुई, जहां मटिहनी निवासी संजय साहू को पुरानी रंजिश के चलते लाला उर्फ रावेन्द्र साहू, प्रदीप साहू, राहुल साहू और विकास साहू ने रोककर बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं तीसरी घटना में शादी का कार्ड बांटने गए संजय साहू पर हमला कर उनकी बाइक में तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि राहुल साहू, लाला उर्फ रावेन्द्र साहू और नर्मदा साहू ने मिलकर मारपीट की, जिससे बाइक को करीब 18 हजार रुपये का नुकसान पहुंचा।
रविवार को पीड़ित के बड़े भाई राजकुमार साहू ने वीडियो जारी कर कहा कि 8 और 9 अप्रैल को भी उन्हें धमकियां दी गई थीं तथा सीधी जाते समय रास्ता रोककर डराने की कोशिश की गई। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी कभी भी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
इस पूरे मामले में बहरी थाना प्रभारी Rajesh Pandey ने बताया कि मारपीट के सभी मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

