शराब के लिए रंगदारी नहीं मिली तो बरपा कहर! मनिकवार में दिनदहाड़े हमला, जेसीबी चालक का पैर टूटा, नकदी-मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश
रीवा। जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिकवार नंबर-2 में हुई हिंसक वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शराब पीने के लिए कथित रूप से रंगदारी मांगने पहुंचे बदमाशों ने पैसे नहीं मिलने पर ऐसा तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक जेसीबी संचालक का पैर टूट गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात कुछ युवक मनिकवार नंबर-2 पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। जब स्थानीय लोगों ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और बदमाशों ने लाठी-डंडों सहित अन्य हथियारों से हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने न केवल लोगों को निशाना बनाया, बल्कि वहां खड़ी जेसीबी और बोलेरो वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की। दोनों वाहनों के कांच फोड़ दिए गए और क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाशों का हौसला इतना बढ़ा हुआ था कि उन्होंने खुलेआम उत्पात मचाया और किसी का भय नहीं दिखा।
इस हमले में पवन पटेल, पुनीत पटेल और अंकित पटेल घायल हुए हैं। इनमें जेसीबी संचालक को सबसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका पैर टूट गया है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान बदमाश 70 से 80 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए। पीड़ितों का कहना है कि पूरी घटना शराब के लिए पैसे मांगने से शुरू हुई और विरोध करने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर प्रकरण कायम कर लिया है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में दोबारा इस तरह की घटनाएं न हों। पुलिस की आगामी कार्रवाई पर अब पूरे इलाके की नजर टिकी हुई है।

