श्रद्धा और भक्ति से गूंजा पाली नगर, साँई बाबा मंदिर की 21वीं वर्षगांठ पर निकली भव्य पालकी यात्रा
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित श्री शिर्डी साँई बाबा मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की 21वीं वर्षगांठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर बुधवार को बाबा की भव्य पालकी एवं शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा नगर साँई राम के जयकारों से भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
शोभायात्रा का शुभारंभ श्री शिर्डी साँई बाबा मंदिर परिसर से हुआ। पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे पाली नगर का भ्रमण करती रही। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ बाबा की भक्ति में लीन दिखाई दिए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान बाबा की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। नगरवासियों ने जगह-जगह प्रसाद एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और समिति के सदस्य लगातार सक्रिय रहे।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रातःकाल बाबा का अभिषेक पूजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहां भक्तगण प्रसाद ग्रहण करेंगे।
वहीं, रात्रि 8 बजे से साई भजन संध्या का आयोजन भी किया गया है। भजन कार्यक्रम में स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकार बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगे। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय दिखाई दे रहा है।
साँई बाबा मंदिर की 21वीं वर्षगांठ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने मंदिर पहुंच रहे हैं।


