श्री शिर्डी साईं बाबा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की 21वीं वर्षगांठ पर भव्य आयोजन
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
बिरसिंहपुर पाली में माँ बिरासिनी की पावन नगरी स्थित अंबेडकर तिराहे के पास श्री शिर्डी साईं बाबा मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की 21वीं वर्षगांठ बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर 13 एवं 14 मई 2026 को दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के साईं भक्तों की व्यापक भागीदारी रहने की संभावना है।
आयोजन की शुरुआत बुधवार 13 मई को सायं 5 बजे बाबा की भव्य पालकी एवं शोभा यात्रा के साथ होगी। इस शोभा यात्रा में श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल होकर बाबा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली यह यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इसके बाद गुरुवार 14 मई को प्रातः 9 बजे अभिषेक पूजन किया जाएगा, जिसमें विधि-विधान से बाबा की पूजा-अर्चना की जाएगी। दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है, जहां सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में भक्तों से भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
कार्यक्रम का समापन गुरुवार रात्रि 8 बजे से आयोजित साईं भजन संध्या के साथ होगा। भजन कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा साईं बाबा के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो जाएगा।
इस आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्यों ने तैयारियों को लेकर चर्चा की और जिम्मेदारियां तय की गईं। मंदिर समिति ने सभी साईं भक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।


