Sidhi news:रामपुर नैकिन (सीधी)। रामनवमी के पावन अवसर पर रामपुर नैकिन नगर में आस्था और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला। नगर के बूढ़ी माता मंदिर से शुरू होकर थाना परिसर होते हुए पूरे बाजार क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में विशाल भगवा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और हिंदू कार्यकर्ता शामिल हुए। भगवा वस्त्र धारण किए श्रद्धालु ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी नारों के साथ पूरे नगर को धर्ममय वातावरण में सराबोर करते नज़र आए।
Sidhi news:नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू और पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी मिश्रा भी अपने समर्थकों के साथ यात्रा में शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने यात्रा के आयोजन को सांस्कृतिक और धार्मिक एकता का प्रतीक बताया। यात्रा में युवाओं का जोश और वरिष्ठजनों की भक्ति देखते ही बनती थी।
यात्रा के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। तहसीलदार नितिन कुमार झोड़ और थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी स्वयं मय दल-बल पूरे मार्ग पर मौजूद रहे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सकी।
Sidhi news:नगर के बाजार मार्गों को भगवा ध्वजों, फूलों और जय श्रीराम के पोस्टरों से सजाया गया था। स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर पूरा रामपुर नैकिन भक्ति और एकता के रंग में रंगा दिखाई दिया। रामनवमी की इस भगवा यात्रा ने नगरवासियों को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।