Sidhi news:अध्ययन भ्रमण से किसानों को मिलेगी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी
विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कृषक दल को अध्ययन भ्रमण के लिए किया रवाना
Sidhi news:शासन द्वारा घोषित किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों को उन्नत कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत 03 दिवसीय कृषक प्रशिक्षण-सह-भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Sidhi news:इस कार्यक्रम के तहत जिले के समस्त विकासखण्डों से चयनित 40 कृषकों के दल को उद्यानिकी विभाग द्वारा अध्ययन एवं प्रशिक्षण के लिए सीधी से जबलपुर रवाना किया गया। सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर कृषक दल को रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत सरकार किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण से किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत किस्मों के उपयोग तथा आधुनिक प्रबंधन तकनीकों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों और तकनीकों को अपने गांव और खेतों में अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
Sidhi news:भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कृषक दल जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर में उद्यानिकी फसलों से संबंधित वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों का अध्ययन करेगा। साथ ही किसानों को सब्जी उत्पादन, फलोद्यान प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण से जुड़ी उन्नत विधियों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 13 मार्च 2026 को कृषक दल सीधी से रीवा के लिए रवाना होकर केवीके रीवा एवं कृषि महाविद्यालय रीवा का भ्रमण करेगा। इसके पश्चात दल रीवा से जबलपुर के लिए प्रस्थान कर वहां रात्रि विश्राम करेगा।
दिनांक 14 मार्च 2026 को जबलपुर में जेएनकेव्हीव्ही के सब्जी प्रक्षेत्र, फलोद्यान एवं दुग्ध उत्पादन क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही केवीके जबलपुर में कृषि विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान के माध्यम से आधुनिक खेती, फसल प्रबंधन एवं आय संवर्धन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
Sidhi news:दिनांक 15 मार्च 2026 को कृषक दल जबलपुर से इटमा एवं मैहर क्षेत्र का भ्रमण करेगा, जहां इटमा टमाटर मंडी, टमाटर प्रसंस्करण इकाई तथा मत्स्य प्रक्षेत्र का अवलोकन कराया जाएगा। इसके पश्चात भ्रमण दल सीधी लौटेगा।
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण-सह-भ्रमण कार्यक्रमों से किसानों को नवीन तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होता है, जिससे वे अपने खेतों में उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकते हैं। यह पहल किसान कल्याण वर्ष के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


