स्वच्छता अभियान पर सवाल, मेला ग्राउंड का सामुदायिक शौचालय बदहाल
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बिरसिंहपुर पाली नगर पालिका क्षेत्र स्थित मेला ग्राउंड का सामुदायिक शौचालय इन दिनों अनदेखी और बदहाली का शिकार बना हुआ है। एक ओर नगर पालिका द्वारा स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए इस शौचालय की हालत व्यवस्था की पोल खोल रही है।
मेला ग्राउंड में बने इस सामुदायिक शौचालय का दरवाजा पूरी तरह टूटा हुआ है। इसके साथ ही पानी की व्यवस्था के लिए लगाया गया नल भी खराब पड़ा है। शौचालय परिसर में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित साफ-सफाई नहीं होने से यहां दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शौचालय लंबे समय से मरम्मत और साफ-सफाई की बाट जोह रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि मेला ग्राउंड में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां दूर-दूर से दुकानदार और ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग इसी सामुदायिक शौचालय का उपयोग करते हैं।
इसके अलावा मेला ग्राउंड के समीप स्थित मंदिर में बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी इसी शौचालय पर निर्भर रहते हैं। बावजूद इसके नगर पालिका द्वारा इसकी देखरेख नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि जब सार्वजनिक स्थानों पर बने शौचालय ही बदहाल रहेंगे, तो स्वच्छता अभियान का उद्देश्य कैसे पूरा होगा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शौचालय की तत्काल मरम्मत कराई जाए, टूटे दरवाजे और नल को ठीक कराया जाए तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर भी इसकी झलक दिखाई देनी चाहिए।


