तेज आंधी-बारिश का कहर,रामगढ़ पंचायत में पेड़ गिरने से सड़क जाम, 5 गांवों की बिजली गुल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
एमपी के रामगढ़ पंचायत में बीती रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। शनिवार रात करीब 10 बजे रोड किनारे लगा एक विशाल बामोर का पेड़ जड़ से उखड़कर मुख्य सड़क पर गिर गया। यह सड़क देवगढ़–कुश्महार–सेमरिया मार्ग को जोड़ती है, जो पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई है। सड़क बंद होने से क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति और भी गंभीर तब हो गई जब गिरा हुआ पेड़ पास के एक मकान पर जा गिरा। इस हादसे में बच्चू कोल का घर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पेड़ की चपेट में बिजली के तार भी आ गए, जिससे रामगढ़ सहित आसपास के करीब 5 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बीती रात से अब तक क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है।
स्थानीय निवासी कुबेर तोमर ने बताया कि घटना के काफी समय बाद भी प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंगल विभाग के कुछ अधिकारी मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन हालात का जायजा लेने के बजाय बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट गए।
ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सड़क बंद होने से न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में बड़ा हादसा भी हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत कार्य शुरू कर पेड़ हटाने, सड़क बहाल करने और बिजली सप्लाई जल्द चालू करने की मांग की है।

