---Advertisement---

तेज बारिश से बचने के लिए खड़े लोगों पर गिरी जर्जर दीवार, दो की मौत, दो गंभीर घायल

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में दर्दनाक हादसा: तेज बारिश से बचने के लिए खड़े लोगों पर गिरी जर्जर दीवार, दो की मौत, दो गंभीर घायल

सीधी। सीधी जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश से बचने के लिए न्यायालय परिसर में बने एक भवन की छांव में खड़े लोगों पर अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे विभिन्न न्यायिक कार्यों के सिलसिले में बड़ी संख्या में लोग रामपुर नैकिन न्यायालय पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग न्यायालय परिसर में बने भवन की आड़ में खड़े हो गए। तभी अचानक भवन की दीवार भरभराकर गिर पड़ी और उसकी चपेट में चार लोग आ गए।

हादसे में सुखसेन केवट की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि वह अपने बेटे राजेश केवट के साथ न्यायालय आया था। हादसे में राजेश केवट गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है।

दूसरे मृतक की पहचान राम सजीवन साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राम सजीवन साहू अपने बड़े भाई सजाही साहू के साथ न्यायालय आया था। हादसे में राम सजीवन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई सजाही साहू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रामपुर नैकिन, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया। मलबा हटाने के लिए स्थानीय लोगों की भी मदद ली गई। प्रारंभिक आशंका के चलते यह भी देखा गया कि कहीं मलबे में अन्य लोग तो नहीं दबे हैं। बचाव दल ने सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर पूरे क्षेत्र की तलाशी ली।

प्रत्यक्षदर्शी अधिवक्ता अनिल सिंह ने बताया कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। उन्होंने कहा कि अचानक तेज बारिश शुरू होने पर न्यायालय परिसर में मौजूद लोग बचाव के लिए भवन की दीवार के पास खड़े हो गए थे। तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और कई लोग उसके मलबे में दब गए। उन्होंने बताया, “हमारे देखते ही देखते यह हादसा हो गया। इसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।”

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार बारिश और भवन की जर्जर स्थिति के कारण दीवार अचानक ढह गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने न्यायालय परिसर सहित अन्य शासकीय भवनों की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
यह भी पढ़ें गेरुआ चोले में कथावाचक निकला सैतान,अस्मत लूटने का युवती ने दर्ज कराई प्राथमिकी
गेरुआ चोले में कथावाचक निकला सैतान,अस्मत लूटने का युवती ने दर्ज कराई प्राथमिकी

गेरुआ चोले में कथावाचक निकला सैतान अस्मत लूटने का युवती ने दर्ज कराई प्राथमिकी...

Share & Earn