तेज रफ्तार का कहर,स्कूल जाने की उम्र में छिन गई जिंदगी, बेलगांव में बस ने 7 वर्षीय मासूम को कुचला
सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलगांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अमिलिया-कोदौरा मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रही प्रिया बस ने 7 वर्षीय मासूम देवांश पटेल को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान देवांश पटेल पिता ज्ञानेंद्र पटेल निवासी बेलगांव के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब बच्चा सड़क के किनारे मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे मासूम उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीण राम सुमिरन पटेल ने बताया कि बस काफी तेज गति से चल रही थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यदि बस नियंत्रित गति में होती तो शायद मासूम की जान बच सकती थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैंस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तत्काल बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश बैंस ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा। मासूम देवांश की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

