थाना भुईमाड़ में प्रधान आरक्षक पर हमला, सिर में गंभीर चोट, 23 टांके लगे
कुसमी/सीधी। सीधी जिले के थाना भुईमाड़ में पदस्थ प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे पर कथित रूप से हुए हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना 6 जुलाई की दोपहर थाना परिसर में हुई बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश द्विवेदी (उम्र 21 वर्ष), पिता वैजनाथ द्विवेदी, निवासी भुईमाड़ अचानक थाना परिसर पहुंचा और विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे के सिर पर किसी कठोर गड्डे से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया, जहां उनके सिर में गंभीर चोट होने के कारण 23 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 351, 115, 132, 121 एवं 196 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भुइमाड पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

