सड़क पर रुका सफर, जंगल से निकला हाथियों का कुनबा
उमरिया तपस गुप्ता
जिले के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक बार फिर जंगली हाथियों की मौजूदगी ने लोगों को रोमांचित कर दिया। टाइगर रिजर्व के पनपथा-पतौर मार्ग पर जंगली हाथियों का झुंड सड़क पार करता दिखाई दिया, जिसके चलते कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। झुंड में छोटे हाथी भी नजर आए, जिन्हें देखकर राहगीर उत्साहित हो उठे।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोमवार का है, जो मंगलवार को सामने आया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पार कर रहे हाथियों के कारण दोनों ओर वाहन रुक गए और लोग सुरक्षित दूरी बनाकर इस दुर्लभ नजारे को देखते रहे। बच्चों के साथ हाथियों की मौजूदगी ने वन्यजीव प्रेमियों के बीच खास आकर्षण पैदा किया।
बांधवगढ़ के जंगलों में बढ़ी हाथियों की गतिविधि
बाघों के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाले बांधवगढ़ के जंगल अब जंगली हाथियों का भी स्थायी ठिकाना बनते जा रहे हैं। बीते कुछ समय से हाथियों की मूवमेंट लगातार बढ़ी है और कई बार उनका झुंड जंगल से लगे रास्तों और गांवों के आसपास भी दिखाई देता है।
वन विभाग के अनुसार हाथियों की सुरक्षा और लोगों को सतर्क रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर तैनात रही ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और राहगीरों को सुरक्षित निकाला जा सके।
ग्रामीणों को अलर्ट, गजरक्षक एप पर अपडेट
टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक भरत गायकवाड़ ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए हाथी ट्रैकिंग के साथ गजरक्षक एप पर भी अपडेट जारी किए जाते हैं, जिससे आसपास के गांवों के लोगों को समय रहते अलर्ट मिल सके।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के करीब न जाएं और जंगल क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें।


