---Advertisement---

कोर्ट को उड़ाने की धमकी से हनुमना-रीवा में हड़कंप: 3 RDX IED और आत्मघाती हमले की चेतावनी

Manoj Shukla

By Manoj Shukla

Published on:

---Advertisement---

कोर्ट को उड़ाने की धमकी से हनुमना-रीवा में हड़कंप: 3 RDX IED और आत्मघाती हमले की चेतावनी, न्यायालय खाली, पुलिस-एजेंसियां अलर्ट”

मऊगंज जिले के हनुमना व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद गुरुवार दोपहर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में 3 RDX IED के जरिए मानव आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी। जैसे ही दोपहर करीब 2:35 बजे यह ईमेल सामने आया, न्यायालय प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए पूरे परिसर को खाली कराने का निर्णय लिया।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट में मौजूद न्यायाधीश, अधिवक्ता, कर्मचारी और फरियादियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही मिनटों में न्यायालय परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। प्रवेश द्वारों पर सख्त पहरा लगा दिया गया और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।

मामले को और अधिक संवेदनशील तब बना दिया जब यह सामने आया कि यही धमकी भरा ईमेल मऊगंज जिले के हनुमना व्यवहार न्यायालय के साथ-साथ रीवा न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी भेजा गया है। इसके बाद जिला पुलिस के साथ-साथ अन्य सुरक्षा और जांच एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गईं।

प्रशासन और पुलिस मौके पर

सूचना मिलते ही मऊगंज कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, एसडीओपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीम ने न्यायालय परिसर की सघन तलाशी शुरू की। हर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, गलियारे और आसपास के इलाके को खंगाला गया।

हालांकि प्रारंभिक जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच पूरी होने तक न्यायालय परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

साइबर सेल की जांच तेज

पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि धमकी भरे ईमेल को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर सेल ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

Manoj Shukla

Manoj Shukla

मै मनोज कुमार शुक्ला 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है।

---Advertisement---
Share & Earn