युवाओं के भविष्य, किसानों के संकट और उज्जैन भूमि प्रकरण पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी जनआंदोलन, मुख्यमंत्री जवाब दें या पद छोड़ें : कमलेश्वर पटेल
रीवा।
कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेशभर में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू कर रही है। यह आंदोलन प्रदेश के युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।
पहला मुद्दा : युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश में लाखों युवाओं का भविष्य लगातार संकट में डाला जा रहा है। नीट एवं सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों और विद्यार्थियों की शिकायतों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए हैं। प्रभावित विद्यार्थियों ने न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें समय पर राहत नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस लगातार छात्रों के साथ खड़ी रही है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने भी विद्यार्थियों के साथ हुए कथित अन्याय का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में विद्यार्थियों के बीच जाएगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग करेगी।
दूसरा मुद्दा : किसानों के साथ अन्याय
श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि खरीफ सीजन के बीच प्रदेश का किसान गंभीर संकट से गुजर रहा है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। अनेक स्थानों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है, एनपीके ऊंचे दामों पर मिल रही है और खाद वितरण की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को कई-कई दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। अनेक स्थानों से खाद की कालाबाजारी और मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली भी उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे खरीफ की बुवाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि मूंग खरीदी का कोटा कम किए जाने तथा समर्थन मूल्य पर सीमित खरीद के कारण भी किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन चलाएगी।
तीसरा मुद्दा : उज्जैन भूमि प्रकरण और जवाबदेही
श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्टों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। इन रिपोर्टों में भूमि आवंटन और निर्णय प्रक्रिया को लेकर कई सवाल सामने आए हैं, लेकिन आज तक मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री निर्दोष हैं तो पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्य सार्वजनिक करें। यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो प्रदेश की जनता इसे लोकतांत्रिक जवाबदेही से बचने का प्रयास मानेगी।
भ्रष्टाचार और जवाबदेही के अन्य प्रश्न
श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि महाकाल लोक परियोजना में अनियमितताओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी समय-समय पर गंभीर सवाल उठे हैं। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि इन मामलों में जवाबदेही किसकी तय हुई और क्या कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में जो चंदा चोरी का मामला आया है वो करोड़ों सनातनियों के आस्था पर एक प्रहार है, जब शुरुआत से भूमि पूजन से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक भाजपा और संघ के लोग आगे रहे तो आज चंदा चोरी पर मौन क्यों हैं ??
देशभर में आस्था से जुड़े संस्थानों और धार्मिक ट्रस्टों से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में भी जो आरोप सार्वजनिक हुए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
कांग्रेस के प्रमुख प्रश्न
– उज्जैन भूमि प्रकरण पर मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से जवाब कब देंगे ?
– क्या सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराएगी ?
– एकरुपये अथवा रियायती दर पर किन-किन ट्रस्टों और संस्थाओं को सरकारी भूमि आवंटित की गई? इसकी पूरी सूची सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही?
– किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया एवं पर्याप्त बिजली क्यों उपलब्ध नहीं कराई जा रही ?
– खाद की कालाबाजारी रोकने में सरकार क्यों विफल रही ?
– विद्यार्थियों को न्याय दिलाने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए हैं ?
भ्रष्टाचार की जानकारी के लिए विशेष पोर्टल
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस शीघ्र ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल प्रारंभ करेगी, जहां नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग अथवा अवैध संपत्ति से जुड़ी जानकारी गोपनीय रूप से उपलब्ध करा सकेंगे। जानकारी देने वाले की पहचान सुरक्षित रखी जाएगी।
चरणबद्ध आंदोलन
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा निम्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
– प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं।
– “छात्रों की गूंज” अभियान।
– 14–15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक Gen Z Cyclothon।
– मुख्यमंत्री के प्रत्येक दौरे पर कांग्रेस द्वारा सार्वजनिक प्रश्न।
– 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव।
– जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में भूमि प्रकरण को लेकर विशाल जनआंदोलन एवं रैली।
– विधानसभा सत्र में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कांग्रेस का संकल्प
श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष प्रदेश के युवाओं, किसानों, आम नागरिकों और लोकतांत्रिक जवाबदेही की रक्षा के लिए है। जब तक विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत और जनता को उठाए गए प्रश्नों के उत्तर नहीं मिलते, तब तक कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
सर्किट हाउस , रीवा
सादर प्रकाशनार्थ
कार्यालय
श्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री एवं CWC सदस्य।

