कुसमी में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, 10 मांगों के निराकरण की उठाई आवाज
कुसमी तहसील क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष विमल जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य समाधि प्रसाद सहित भास्कर साहू एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम कुसमी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से 10 मांगें रखी गई हैं
1. ग्राम पंचायतों में लंबे समय से बंद पड़ी ग्राम सभाओं का विधिवत आयोजन कराया जाए।
2. ग्राम पंचायत कोडार में बने कोडार बांध की क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत कर खेतों तक पानी पहुंचाया जाए।
3. कुसमी पंचायत में किसानों की सिंचाई के लिए बनी नहरों की मरम्मत कराई जाए।
4. ग्राम पंचायत टमसार तिराहे में वन विभाग द्वारा किए गए अतिक्रमण की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की गई।
5. ग्राम पंचायत मेड़रा में मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने के लिए बीएसएनएल, रिलायंस जियो अथवा एयरटेल टावर स्थापित कराया जाए।
6. किसानों को सहकारी उपभोक्ता भंडार से पर्याप्त खाद-उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
7. पंचायतों द्वारा कराए गए अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराकर उपयोगिता प्रमाण पत्र लिया जाए।
8. ग्राम पंचायत भगवार में बाजार के समीप स्थित पुराने तालाब का गहरीकरण एवं घाट निर्माण कराया जाए।
9. ग्राम पंचायत लुरघुटी में टूटी सिंचाई बांध की मरम्मत कर किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
10. ग्राम पंचायत खोखरा पहुंच मार्ग, जो कतरवार से खोखरा जाता है और बीच में दुर्गम धाम तक रोड बनी है, उसका सीसीकरण कराया जाए।
अब कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम से मांग की कि उक्त समस्याओं पर शीघ्र संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को राहत मिल सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर सीधी, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत कुसमी के सीईओ और जिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी सौंपी गई है।