अगर 5 सितंबर तक काम पूरा नहीं किया तो सस्पेंड करवा दूंगा, सीएम राइज स्कूल में टपकती छत देख भड़क उठे विधायक कुंवर सिंह टेकाम, फोन पर PIU SDO की लगाई क्लास
एमपी के सीधी जिले के मझौली जनपद पंचायत स्थित सीएम राइज स्कूल में निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और बारिश के दौरान भवन की छत से पानी टपकने की स्थिति देखकर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम का गुस्सा फूट पड़ा। जहा कल बुधवार 2 सितंबर शाम 4 बजे सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरिक्षण के दौरान स्कूल भवन में कई जगह पानी टपकता मिला, जिसके बाद विधायक ने जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई है।
इस निरीक्षण के दौरान विधायक ने देखा कि स्कूल के टीन सेड वाले भवन में बच्चे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं और टीन सेड की छत से बारिश का पानी टपक रहा था। बच्चों को इस तरह की परेशानी में पढ़ते देखकर विधायक ने नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार शंकर सिंह परिहार से चल रहे कार्य की जानकारी ली और अब तक काम पूरा नहीं होने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
फोन पर ही PIU के SDO को लगाई फटकार
धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने मौके से ही PIU विभाग के SDO एपी सिंह को फोन लगाया और उस निर्माण कार्य की स्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की उन्होंने अधिकारी से स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्कूल का काम हर हाल में 5 सितंबर तक पूरा हो जाना चाहिए।
हद तो तब हो गई जब विधायक ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 5 तारीख तक काम पूरा नहीं हुआ तो सस्पेंड करवा दूंगा, मेरे काम करने का तरीका तो आप जानते हो ना मैं सरकारी अधिकारी की तरह काम नहीं करता। उन्होंने अधिकारी से कहा कि निर्धारित समय सीमा में काम पूरा नहीं होने पर इसकी पूरी जवाबदेही तय की जाएगी और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विधायक कुंवर सिँह ने ठेकेदार और अधिकारियों को कड़े शब्दों मे निर्देश दिए है कि अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल पूरा किया जाए और बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो। जहा उन्होंने यह चेतावनी दी कि अगर 5 सितंबर तक काम पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।