15 जुलाई से शुरू हुआ नशा मुक्ति अभियान, गोतरा स्कूल में जागरूकता रैली; थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने दिलाई शपथ
कुसमी। सीधी जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” नशा मुक्ति अभियान का शुभारंभ बुधवार को किया गया। अभियान के पहले दिन थाना कुसमी अंतर्गत शासकीय पीएम श्री हाई स्कूल गोतरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली निकाली और लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर थाना कुसमी में पदस्थ थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को जागरूक करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस विभाग की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

