आन-बान-शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा रहा सीधी
राष्ट्रध्वज की शान में सजा सीधी, परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस सीधी जिले में राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गौरव की भावना के साथ हर्षाेल्लासपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रध्वज तिरंगे के आन-बान-शान से लहराने के साथ पूरा वातावरण राष्ट्रगान और देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान का गायन हुआ। शासन के निर्देशानुसार समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत के गायन से किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात कलेक्टर विकास मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने समृद्धि, उल्लास और नई ऊर्जा के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को नील गगन में छोड़ा। परेड दल ने तीन बार हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और गौरव को अभिव्यक्त किया।
अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का दिखा अद्भुत संगम
रक्षित निरीक्षक वीरेन्द्र कुमरे के कमाण्ड में आयोजित आकर्षक मार्च पास्ट समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। परेड के उप कमाण्डर टूआईसी मयंक तिवारी, होमगार्ड रहे। विभिन्न पुलिस बलों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालयीन दलों, महिला एवं बाल विकास के शौर्य दल तथा बैंड दलों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।
मार्च पास्ट में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में 9वीं वाहिनी विसबल ए कंपनी सीधी, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस बल सीधी, सहायक उपनिरीक्षक मनसुखलाल वर्मा के नेतृत्व में होमगार्ड जिला बल सीधी, उपनिरीक्षक वर्षा यादव के नेतृत्व में जिला पुलिस बल महिला, शिवम द्विवेदी के नेतृत्व में सीनियर एनसीसी संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय सीधी, प्रतीक द्विवेदी के नेतृत्व में एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी, अर्नव सिंह तोमर के नेतृत्व में जूनियर एनसीसी गणेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल पड़रा सीधी, वैभव सिंह चौहान के नेतृत्व में सरस्वती उमावि मड़रिया सीधी, साखिया खान के नेतृत्व में सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी, अर्पिता पाण्डेय के नेतृत्व में पीएमश्री शासकीय आदर्श कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सीधी, शिवम केवट के नेतृत्व में एकलव्य पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल हड़बड़ो पुरुष, प्रिया द्विवेदी के नेतृत्व में एकलव्य पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल हड़बड़ो महिला, अभिमन्यु प्रजापति के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 सीधी, सूरज पाण्डेय के नेतृत्व में महारानी लक्ष्मीबाई हाई स्कूल सीधी तथा निधी वर्मा के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास शौर्य दल ने भाग लिया।
जिला पुलिस बल के बैंड तथा गांधी हाई स्कूल सीधी के बैंड दल ने भी शानदार प्रस्तुति देकर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मार्च पास्ट के बाद मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डर एवं प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और लोकतंत्र के प्रहरियों का सम्मान
समारोह में कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मान के इस अवसर पर समारोह में उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए त्याग और बलिदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सजीव प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने मुख्यमंत्री के संदेश को उत्साहपूर्वक सुना। मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले की विकास उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री के बधाई संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
जिले की विकास पुस्तिका का किया गया वितरण
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली जिले की विकास पुस्तिका का विमोचन एवं वितरण भी किया गया। विकास पुस्तिका में जिले में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, विभिन्न विभागों की उपलब्धियों तथा जिले के समग्र विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को तथ्यात्मक एवं सारगर्भित रूप में प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तिका जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा का दस्तावेज होने के साथ आमजन को शासन की योजनाओं एवं जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 सीधी, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट एवं एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना प्रभावी रूप से दिखाई दी। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा के साथ विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी प्रीति अहिरवार तथा देव कुमार सिंह चौहान उपस्थित रहे।
सर्वश्रेष्ठ परेड सीनियर का प्रथम पुरस्कार महिला जिला पुलिस बल सीधी को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार 9वीं वाहिनी विसबल ए कंपनी सीधी तथा तृतीय पुरस्कार जिला पुलिस बल सीधी एवं होमगार्ड जिला बल सीधी को दिया गया।
सर्वश्रेष्ठ परेड जूनियर में प्रथम पुरस्कार गणेश सी.से. स्कूल पड़रा सीधी, द्वितीय पुरस्कार जूनियर एकलव्य पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल हड़बड़ो पुरुष तथा तृतीय पुरस्कार सरस्वती उमावि मड़रिया सीधी को प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम पुरस्कार एकलव्य पब्लिक स्कूल सीधी, द्वितीय पुरस्कार शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक-1 सीधी तथा तृतीय पुरस्कार पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट को दिया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की रही गरिमामय उपस्थिति
समारोह में विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार, वरिष्ठ समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, जिले के वरिष्ठ पत्रकार, स्वैच्छिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की उद्घोषणा का दायित्व वीरेन्द्र सिंह बघेल, प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल बरिगंवा, डॉ. संजीव कुमार त्रिपाठी, प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल करमाई तथा पंकज पाण्डेय, प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने निभाया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड देशभक्ति के नारों, राष्ट्रगान की गूंज और तिरंगे के गौरव से सराबोर रहा। पूरे समारोह में अनुशासन, शौर्य, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व को यादगार बना दिया।