महान नदी में बहे चरवाहे का 20 घंटे बाद मिला शव, झाड़ियों में अटका था शव

महान नदी में बहे चरवाहे का 20 घंटे बाद मिला शव, झाड़ियों में अटका था शव

कुसमी। कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गांजर के समीप महान नदी में शुक्रवार को गाय चराते समय बह गए चरवाहे रामपाल बैगा का शव करीब 20 घंटे बाद शनिवार को नदी किनारे झाड़ियों में अटका मिला। शव मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लदगढ़ निवासी रामपाल बैगा पिता सुखलाल बैगा बावन डकारू जंगल के पास महान नदी के किनारे गाय चराने गए थे। बताया गया कि एक गाय को बचाने के प्रयास में वह महान नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार देर शाम तहसीलदार नारायण सिंह, ऋषभ त्रिपाठी सहित थाना कुसमी का पुलिस स्टाफ गांजर गांव पहुंचा और नदी के आसपास तलाश की, लेकिन देर रात तक चरवाहे का कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार को राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा दोबारा खोजबीन की गई। इसी दौरान पिपरडोलना-मेडरा के पास नदी किनारे झाड़ियों में रामपाल बैगा का शव अटका हुआ मिला। टीम ने शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों द्वारा शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम (पीएम) कराया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

लगातार बारिश के कारण महान नदी सहित क्षेत्र की कई नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से नदी-नालों के तेज बहाव से दूर रहने की अपील की जा रही है।

Leave a Comment