तिरंगा यात्रा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, मची भगदड़
देवास। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देवास जिले के विजयागंज मंडी क्षेत्र में बीजेपी की तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बाइक रैली में 500 से अधिक कार्यकर्ता शामिल थे। बताया जा रहा है कि यात्रा के साथ चल रहा डीजे वाहन सड़क किनारे पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया, जिसके बाद मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई कार्यकर्ताओं ने बचने के लिए आसपास के सोयाबीन के खेतों में जाकर शरण ली। घटना में करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घायलों को स्थानीय अस्पतालों के साथ महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टर के अनुसार, छह लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। इनमें एक व्यक्ति को करीब 200 मधुमक्खियों ने डंक मारा, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई गई। हालांकि उपचार के बाद घायलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।