छात्रावास में तहसीलदार के निरीक्षण में खुली अव्यवस्थाओं की पोल, कमरों में पंखे-बल्ब तक की कमी

छात्रावास में तहसीलदार के निरीक्षण में खुली अव्यवस्थाओं की पोल, कमरों में पंखे-बल्ब तक की कमी

कुसमी। सीधी जिले के कुसमी आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। छात्रावासों में साफ-सफाई, प्रकाश, पंखे और खेलकूद सामग्री जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से आदिवासी छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी क्रम में कुसमी तहसीलदार नारायण सिंह ने आदिवासी बालक छात्रावास मेडरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आईं। छात्रावास की बाउंड्री के अंदर आसपास घास-फूस एवं साफ-सफाई का अभाव पाया गया। वहीं छात्रों के कमरों में पर्याप्त बल्ब एवं पंखों की व्यवस्था नहीं मिली।

निरीक्षण के दौरान खेलकूद की पर्याप्त सामग्री भी उपलब्ध नहीं पाई गई। छात्रावास परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर तहसीलदार ने निरीक्षण टिप्स में कमियों को दर्ज किया तथा संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मेडरा के ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि छात्रावासों का समय-समय पर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाना आवश्यक है, ताकि छात्रों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं मिल सकें।

छात्रावास में सामने आई कमियों के बाद अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कितनी गंभीरता से कदम उठाता है।

Leave a Comment