सरस्वती शिशु /विद्या मंदिर कुसमी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया

सरस्वती शिशु /विद्या मंदिर कुसमी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया

कुसमी। सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर कुसमी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत भगवार की सरपंच श्रीमती चेतना सिंह, ग्राम पंचायत कोडार की सरपंच श्रीमती सीता सिंह, पूर्व सैनिक श्री श्रवण कुमार मिश्र, श्री मनीष तिवारी, अधिवक्ता श्री धीरेश द्विवेदी एवं प्रधानाचार्य श्री मनमोहन उपाध्याय द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ।

इसके बाद अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन एवं भारत माता की आरती की गई। विद्यालय के भैया-बहनों ने हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत भाषण, समूहगान, व्यक्तिगत गीत, समूह नृत्य, कविता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

प्रधानाचार्य श्री मनमोहन उपाध्याय ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत कराया। मुख्य अतिथि श्रीमती चेतना अनिल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्रता का अर्थ अपने विचारों को व्यक्त करना और अपने सपनों को साकार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक श्री श्रवण कुमार मिश्र ने कहा कि भारत ने प्राचीन समय में विश्व में गौरवपूर्ण स्थान बनाया था। आज की युवा पीढ़ी छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े कार्य कर देश को पुनः गौरव के शिखर पर ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि देश के लिए सोचना, अच्छा व्यवहार करना और जिम्मेदार नागरिक बनना ही सच्ची देशभक्ति है।

प्रधानाचार्य श्री मनमोहन उपाध्याय ने तिरंगे के तीनों रंगों का महत्व बताते हुए कहा कि केसरिया रंग त्याग एवं बलिदान, सफेद रंग शांति एवं पवित्रता तथा हरा रंग समृद्धि एवं खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, विज्ञान एवं तकनीकी को बढ़ावा देने तथा महिला सुरक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि ने सभी भैया-बहनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वचन प्रदान किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मिष्ठान्न वितरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय संचालन समिति के सदस्य, अभिभावकगण, आचार्य परिवार, पत्रकार साथी संतोष गर्ग, जन्मेजय जायसवाल, अमित श्रीवास्तव सहित गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय के भैया-बहन उपस्थित रहे।

Leave a Comment