छात्र सहायता केंद्र कंप्यूटर प्वाइंट सीधी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

सीधी. छात्र सहायता केंद्र कंप्यूटर प्वाइंट सीधी में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, उत्साह और उमंग से सराबोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं संस्था से जुड़े लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

 

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, प्रेरणादायी भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया। कार्यक्रम के दौरान देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र नेता शिवम शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की भी प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य युवाओं के हाथों में है और प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे सकता है।

 

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिवांशु द्विवेदी, आदर्श सिंह बघेल, मोहित द्विवेदी, ओंकार पाण्डेय, सतीश सिंह, शुभम रजक, अवनीश पटेल, अमित कोरी, रजनीश रावत, आशीष साकेत सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं देश की प्रगति के प्रति समर्पण की भावना के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और परिसर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।

Leave a Comment