सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की ठोकर से महिला की मौत, चक्काजाम।
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रायखोर गांव में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुआ। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, रायखोर निवासी सुनीता साहू अपने पति दिनेश साहू के साथ दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सीधी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टर आदर्श मिश्रा ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। चालक के फरार होने से ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।