कीचड़ में फंसी सड़क, रेलवे ट्रैक पर अटकी बस और सामने आ गई मालगाड़ी

उमरिया l बारिश के मौसम में एनएच-43 की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। लगातार बारिश के कारण मोर्चा फाटक के पास सड़क पर कीचड़ और गड्ढों ने यातायात व्यवस्था को मुश्किल में डाल दिया। गुरुवार शाम सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी तो देखते ही देखते जाम रेलवे फाटक तक पहुंच गया। इसी जाम के बीच एक यात्री बस रेलवे ट्रैक पर फंस गई।

बताया जाता है कि शाम के समय एनएच-43 पर वाहनों की आवाजाही पहले से ही धीमी थी। सड़क पर कीचड़ के कारण कई वाहन मुश्किल से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान मोर्चा रेलवे फाटक के आसपास भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। यात्री बस आगे निकलने की कोशिश में रेलवे ट्रैक के बीच पहुंच गई, लेकिन जाम और खराब सड़क के कारण वहां से निकल नहीं सकी।

बस के ट्रैक पर खड़े होने के दौरान ही शहडोल की ओर से मालवाहक ट्रेन आने की सूचना मिली। रेलवे फाटक पर मौजूद कर्मचारी ने तत्काल स्थिति को समझते हुए ट्रेन को रोकने की सूचना दी। इसके बाद मालगाड़ी को फाटक से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया गया। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और बस को ट्रैक से हटाने की कवायद शुरू हुई।

घटना के दौरान मौजूद एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में रेलवे ट्रैक पर खड़ी यात्री बस और कुछ दूरी पर रुकी मालगाड़ी दिखाई दे रही है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग एनएच-43 की बदहाली और बारिश के दौरान यातायात व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। कई स्थानों पर कीचड़ जमा होने से वाहन फंस रहे हैं और जाम की स्थिति बन रही है। एनएच-43 पर भारी वाहनों के साथ यात्री बसों की आवाजाही होने के कारण समस्या और बढ़ जाती है।

https://youtube.com/shorts/sPPLTtlSNWQ?si=6qtgIaJf5Yx3-Ziq

मोर्चा फाटक की घटना ने एक बार फिर सड़क और रेलवे क्रॉसिंग के बीच यातायात प्रबंधन की जरूरत को उजागर कर दिया है। गनीमत रही कि रेलवे कर्मचारी ने समय रहते ट्रेन को रुकवा दिया, अन्यथा ट्रैक पर खड़ी यात्री बस के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन वायरल वीडियो ने बारिश में एनएच-43 की बदहाल सड़क और उससे पैदा होने वाले खतरे को जरूर सामने ला दिया है।

Leave a Comment