शंकरपुर-भदौरा अंडरब्रिज की दीवारों से रिस रहा पानी, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

शंकरपुर-भदौरा अंडरब्रिज की दीवारों से रिस रहा पानी, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

सीधी जिले के कुसमी तहसील अंतर्गत शंकरपुर-भदौरा अंडरब्रिज में इन दिनों जलभराव और दीवारों से हो रहे सीपेज के कारण ग्रामीणों एवं वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। अंडरब्रिज की दीवारों से पानी बुलबुले के रूप में अंदर प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे पूरे अंडरब्रिज में जगह-जगह पानी जमा हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अंडरब्रिज के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते निर्माण के कुछ समय बाद ही दीवारों से लगातार पानी का रिसाव होने लगा है। सीपेज का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है।

जलभराव के कारण अंडरब्रिज से गुजरने वाले बाइक सवारों और चार पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्टेशन के समीप अंडरब्रिज के अंदर ठेकेदार द्वारा कचरा जमा किए जाने से यात्रियों को भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी और कचरे के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

समाजसेवी आनंद सिंह ‘ददुआ’ सहित ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को समाजसेवी आनंद सिंह ददुआ के नेतृत्व में ग्रामीण एसडीएम कुसमी एवं कलेक्टर सीधी को ज्ञापन सौंपकर अंडरब्रिज में हो रहे सीपेज, जलभराव तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग करेंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज का तकनीकी निरीक्षण कराकर पानी के रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए तथा स्टेशन के पास जमा कचरे को तत्काल हटाया जाए, ताकि यात्रियों एवं वाहन चालकों को राहत मिल सके।

Leave a Comment