मजदूरों के एरियर की लड़ाई में ऐतिहासिक जीत, संघर्ष रंग लाया

संजय गांधी थर्मल पावर स्टेशन (SGTPS) में कार्यरत श्रमिकों के बकाया एरियर भुगतान को लेकर लंबे समय से उठाई जा रही आवाज आखिरकार रंग लाई है। बकाया भुगतान स्वीकृत होकर श्रमिकों को मिल जाने के बाद मजदूरों के बीच खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि को समाजसेवी हिमांशु द्विवेदी ने मजदूरों के संघर्ष और एकता की ऐतिहासिक जीत बताया है।

हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि श्रमिकों के हक और उनके बकाया एरियर को लेकर लगातार आवाज उठाई गई थी। इस दौरान श्रमिक साथियों ने भी एकजुटता और भरोसे के साथ संघर्ष में साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी मजदूरों की है जिन्होंने अपने अधिकार के लिए मजबूती से आवाज बुलंद की।

एरियर का भुगतान मिलने की खबर से श्रमिकों में उत्साह देखने को मिला। मजदूरों ने इसे अपने लंबे इंतजार का सुखद परिणाम बताया। वहीं, इस जीत के बाद मजदूर एकता जिंदाबाद के नारों के साथ संघर्ष की सफलता को याद किया गया।

हिमांशु द्विवेदी ने सभी श्रमिक साथियों का आभार जताते हुए कहा कि मजदूरों के पसीने और मेहनत का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब श्रमिक अपने अधिकार के लिए एकजुट होकर आवाज उठाते हैं तो न्याय की राह मजबूत होती है।

उन्होंने इस सफलता को सत्य, संघर्ष और श्रमिक एकता की जीत बताते हुए भविष्य में भी मजदूरों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने की बात कही।

Leave a Comment