सड़क निर्माण के बजट से बन गया चेक डैम आरोप ग्रामीणों का कीचड़ से ग्रामीण परेशान, बच्चे नहीं जा पा रहे स्कूल
मझौली
जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत पांड में मनमानी का यह आलम है जहां ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है की सड़क निर्माण के लिए आए बजट को चेक डैम निर्माण में लगा दिया गया है जबकि कीचड़ से ग्रामीण परेशान हैं और छोटे बच्चे एक पखवाड़ा से स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं।जबकि नवनिर्मित चेक डैम भी टूट कर धराशाई हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम पंचायत क्षेत्र में मनमानी का आलम है। ग्राम दड़ौर (नदी टोला) जहां ग्राम के मुख्य मार्ग से लगभग 1 किलोमीटर बसाहट के लिए कच्ची सड़क बनी है जिसमें बरसात के कारण काफी कीचड़ हो रहा है जिससे ग्रामीण परेशान है और छोटे बच्चे एक पखवाड़ा से भी ज्यादा दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं जबकि ग्राम पंचायत के द्वारा “मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना” के बजट को चेक डैम निर्माण में खर्च कर दिया गया है जिसकी लागत लगभग 15 लाख रुपए है।
अगर यही राशि जिस मोहल्ला में चेक डैम बना है उसी मोहल्ला के सड़क मरम्मत कार्य में लगा दिया जाता तो ग्रामीणों को कोई समस्या नहीं होती जबकि नवनिर्मित चेकडैम भी टूट कर धराशाई हो गया है जिससे बजट भी खर्च हो गया और उपयोगिता भी शून्य है और ग्रामीण भी कीचड़ से परेशान हैं।जिस ओर ग्रामीणों ने खंड प्रशासन एवं जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर तत्काल सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
इनका कहना
हम लोगों ने सरपंच सचिव से कई बार इस मोहल्ला के सड़क मरम्मत के लिए मांग कर चुके हैं लेकिन उनके द्वारा बजट न होने का हवाला दिया गया है जबकि लाखों रुपए का चेक डैम बनाया गया है वह भी बह गया है उसके लिए बजट कहां से आ गया।
दशरथ यादव ग्रामीण
हमारे मोहल्ला में पूरे 1 किलोमीटर के सड़क में काफी कीचड़ हो रहा है जिससे हम लोग परेशान हैं स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
लालजी यादव ग्रामीण
उस मोहल्ला में ग्रामीणों को कीचड़ से काफी समस्या है जिसके लिए मेरे द्वारा भी ग्राम पंचायत सरपंच से संवाद कर जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था बनाने की चर्चा की जाएगी और प्रयास किया जाएगा।
उमा सिंह जनपद सदस्य वार्ड पांड
मै भी उस जगह से निकली हूँ लोगों की समस्याएं जायज है कीचड़ लगभग 1 किलोमीटर मे बहोत ज्यादा है मै सरपंच व सचिव से बात कर कुछ निदान करती हूँ l रही बात डैम निर्माण की तो उसका पैसा अलग से चेक डैम के लिए ही आया रहा होगा l
सुरभी श्रीवास्तव सी ई ओ
यह सही बात है कि उस मोहल्ले में कीचड़ की समस्या तो है लेकिन उसकी व्यवस्था करना ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी है जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के लिए वह सड़क चयनित है अभी वैकल्पिक व्यवस्था के लिए संबन्धित जन से चर्चा करता हूँ ।
आकाश अग्रवाल उपखंड अधिकारी मझौली