रीवा-सीधी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: पवन एक्सप्रेस बस और बल्कर की आमने-सामने टक्कर, दर्जनभर से अधिक मौतों की आशंका
एमपी के रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जहा गुढ़ थाना क्षेत्र के बदबार स्टैंड के समीप सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से जा रहे एक बल्कर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इसकी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और गुढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। जहा कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गया।
बताया यह भी जा रहा है कि हादसा इतना भयावह था कि बस के अंदर कई यात्री गंभीर रूप से फंस गए थे। वही पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस और उपलब्ध अन्य वाहनों की मदद से उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा भेजा गया है।
जहा मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हादसे में दर्जनभर से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि करीब 20 लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। हालांकि अब मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जहा ऐसे में अंतिम आंकड़ा राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने और प्रशासनिक सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और राहत कार्य को व्यवस्थित कराया। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल अब घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे में प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हैं। यह खबर प्राथमिक जानकारी के आधार पर है। मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद आंकड़ों में बदलाव संभव है।