बुजुर्ग को घोड़ा बनाकर नाला पार करता पटवारी, वीडियो वायरल
ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- “ऐसा तो अंग्रेजों के जमाने में होता था”, कलेक्टर और जनसुनवाई में शिकायत कर कार्रवाई की मांग
सीधी। जिले के ग्राम पंचायत माटा के हल्का क्षेत्र से एक शर्मनाक और अमानवीय मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक पटवारी द्वारा नाला पार करने के लिए बुजुर्ग ग्रामीण ललबा केवट को कथित तौर पर घोड़ा बनाकर उसकी पीठ पर सवार होकर नाला पार करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और मामले में पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति पटवारी नीलेश नामदेव है, जो नाला पार करने के दौरान बुजुर्ग ललबा केवट की पीठ पर सवार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बुजुर्ग व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल उसकी गरिमा का अपमान है, बल्कि पूरे गांव और समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है।
“ऐसा तो अंग्रेजों के जमाने में करते थे”
घटना को लेकर ग्रामीणों में तीखी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि “बुजुर्ग इंसान को घोड़ा बनाकर उसकी पीठ पर बैठना बेहद अपमानजनक है। ऐसा तो अंग्रेजों के जमाने में किया जाता था। आजादी के इतने वर्षों बाद भी यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा इस तरह का व्यवहार किया जाता है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
जनसुनवाई और कलेक्टर को दिया आवेदन
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है तथा कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पटवारी नीलेश नामदेव के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने वायरल वीडियो की जांच कराने और पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी कर्मचारी जनता की सेवा और सम्मान के लिए जिम्मेदार होते हैं। ऐसे में यदि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा कृत्य सही पाया जाता है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बुजुर्ग या ग्रामीण के साथ इस प्रकार का व्यवहार न हो।
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।