रातभर गांव में चोरों का रहा तांडव,आधा दर्जन से अधिक घरों के टूटे ताले, मोबाइल-चांदी के जेवर समेत लाखों का सामान पार
नकाबपोश चोर बदमाशों ने कई घरों को बनाया निशाना, एक घर की रेकी करते ग्रामीणों ने देखा तो मची अफरा-तफरी; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
एमपी के सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। चौकी पिपरांव अंतर्गत ग्राम पंचायत गड़हरा के राघोभान सिंह गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाया। जहा चोरों ने आधा दर्जन से अधिक घरों के ताले तोड़कर मोबाइल, टॉर्च, चावल, संदूक में रखे चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। सुबह जब ग्रामीणों को वारदात की जानकारी हुई तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार चोरों का समूह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गांव में घूम रहा था। जहा बदमाशों ने पहले अलग-अलग घरों की रेकी की और इसके बाद जिन घरों में लोग गहरी नींद में थे, वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वही चोरों ने कई घरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान खंगाला। अलग-अलग घरों से तीन मोबाइल फोन, टॉर्च, चावल तथा संदूक में रखे चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
बताया यह भी जा रहा है कि चोरी की वारदात के दौरान चार-पांच नकाबपोश बदमाश गांव के ही एक अन्य घर की रेकी कर रहे थे। जहा इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जानकारी होते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को सतर्क किया। वही हल्ला-गोहार सुनकर बदमाश मौके से भाग निकले। इससे आशंका जताई जा रही है कि यदि ग्रामीण समय रहते सक्रिय नहीं होते तो चोर एक और घर को अपना निशाना बना सकते थे।
इस घटना की सूचना मिलते ही रात में ही चौकी पिपरांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर चोरी की जानकारी जुटाई और संबंधित लोगों से पूछताछ की।जहा पुलिस द्वारा मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
वही लगातार कई घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। पुलिस अब चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है।