टायर पंचर होते ही अनियंत्रित हुआ इलेक्ट्रिक ऑटो और पुल के नीचे गिरा; चालक घायल

टायर पंचर होते ही अनियंत्रित हुआ इलेक्ट्रिक ऑटो और पुल के नीचे गिरा; चालक घायल

पटपरा की ओर सवारी लेने जा रहा था ऑटो वाहन, सिर में चोट और पैर में आई सूजन; प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

एमपी के सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हटवा में सोमवार सुबह एक इलेक्ट्रिक ऑटो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल को बाहर निकाला और उपचार के लिए पटपरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक ऑटो पटपरा की ओर सवारी लेने जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन के टायर में पंचर हो गया। टायर पंचर होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क किनारे स्थित पुल के नीचे जा गिरा। गिरने के बाद वाहन पलट गया।

जहा स्थानीय व्यक्ति अनुपम विश्वकर्मा ने बताया कि हादसे के दौरान ऑटो के टायर में तेज धमाके जैसी आवाज हुई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पुल के नीचे गिर गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद तीन-चार लोगों ने मौके पर पहुंचकर ऑटो को सीधा किया और वाहन को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया यह भी गया है कि हादसे के समय इलेक्ट्रिक ऑटो में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। वह सवारी लेने के लिए पटपरा की तरफ जा रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया।

वही घायल को तत्काल पटपरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में पदस्थ वार्ड बॉय नरेंद्र तिवारी ने बताया कि घायल के सिर में चोट लगी थी, जबकि एक पैर में सूजन भी आई है। पट परा अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया।

इस हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को पुल के नीचे से बाहर निकालकर सड़क किनारे खड़ा किया गया। वाहन में मौजूद व्यक्ति के अलावा किसी अन्य के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Comment