बलकर से बचने के प्रयास में बेकाबू हुई बाइक, दूसरी बाइक से भिड़ी; तीन युवक घायल

बलकर से बचने के प्रयास में बेकाबू हुई बाइक, दूसरी बाइक से भिड़ी; तीन युवक घायल

संकरे टिकरी मार्ग पर हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, एंबुलेंस का इंतजार न कर शिवसेना नेता विवेक पाण्डेय ने अपनी कार से पहुंचाया जिला अस्पताल

सीधी जिले के बहरी क्षेत्र अंतर्गत बरम बाबा पावर हाउस के सामने संकरे टिकरी मार्ग पर सोमवार शाम करीब 5 बजे बलकार वाहन की वजह से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में ग्राम तरका, बहरी निवासी नीरज साकेत, दीपू साकेत और राहुल साकेत घायल हो गए। तीनों युवक बाइक से अपनी बहन के घर टिकरी जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बरम बाबा पावर हाउस के सामने मार्ग काफी संकरा है। इसी दौरान बलकार वाहन के सटकर निकलने के कारण बाइक सवार युवक असंतुलित हो गए। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर से आ रहे एक अन्य बाइक चालक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय और जिला महामंत्री सुनील रावत की नजर सड़क पर घायल पड़े युवकों पर पड़ी। विवेक पाण्डेय ने तत्काल अपनी यात्रा रोक दी और घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

विवेक पाण्डेय के अनुसार, “जैसे ही हम वहां पहुंचे, तीनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद समय की गंभीरता को देखते हुए मैंने अपने वाहन से घायलों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया।

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में राहुल साकेत को गंभीर चोटें आई हैं और वह बेहोशी की हालत में है। चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, टिकरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क की संकराई के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने तथा सड़क को चौड़ा किए जाने की मांग उठाई है।

हादसे के दौरान विवेक पाण्डेय द्वारा दिखाई गई तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने से उन्हें उपचार मिल सका।

Leave a Comment