सीधी जिलेभर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इसी क्रम में हरदी स्थित एमसीसी महादेव कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के कंपनी परिसर में भी विश्वकर्मा जयंती का आयोजन पूरे उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ किया गया। इस दौरान कंपनी परिसर में उत्सव का माहौल रहा।
कार्यक्रम में कंपनी प्रबंधन, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। सभी ने भगवान विश्वकर्मा से कंपनी की निरंतर प्रगति, कार्यक्षेत्र में सफलता, सुख-समृद्धि और कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कंपनी के प्रबंधक विजय प्रताप सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को विश्व का महान शिल्पकार और अभियंता माना जाता है। उनके आदर्श हमें सृजन, कौशल, परिश्रम और कर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए हम सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कंपनी परिसर में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और कंपनी की निरंतर उन्नति एवं सफलता की मंगलकामना की। आयोजन ने कंपनी के कर्मचारियों के बीच आपसी एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार किया।
इस कार्यक्रम में अमरकांत सिंह, दिलीप सिंह, गौरव सिंह, पी.के. सिंह, दीपक सिंह सहित कंपनी के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन के साथ पूरे परिसर में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।