सीधी जिले के शासकीय जनजातीय कन्या आश्रम पोड़ी में छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने के आरोप सामने आए हैं। आश्रम में रह रही बच्चियों का कहना है कि शासन द्वारा निर्धारित भोजन व्यवस्था का नियमित रूप से पालन नहीं किया जा रहा है। वहीं, सुबह का नाश्ता भी कई बार उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिससे छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्राओं के अनुसार, आश्रम में भोजन व्यवस्था लंबे समय से अव्यवस्थित बनी हुई है। शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू में पौष्टिक एवं संतुलित आहार का प्रावधान है, लेकिन आरोप है कि उन्हें निर्धारित मापदंड के अनुरूप भोजन नहीं दिया जा रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि सुबह का नाश्ता भी नियमित रूप से नहीं मिलने की शिकायत सामने आई है। छात्राओं का कहना है कि समय पर भोजन और नाश्ता नहीं मिलने से उन्हें असुविधा होती है। यदि निर्धारित पोषण व्यवस्था का पालन नहीं किया जा रहा है, तो इसका सीधा असर छात्राओं के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास पर पड़ सकता है।
मामले को लेकर आश्रम की भोजन व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करे कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार छात्राओं को भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं।
यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ आश्रम में रहने वाली छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।