आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का मिला शव, जाने पूरा मामला

भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी के एक मकान में दतिया की आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (45) का शव मिला है। सिर पर चोटों के निशान हैं। शव के पास ही खून से सना हथौड़ा भी पड़ा था।

मकान मीनाक्षी के प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी (48) का है। मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी दोस्त कृतिका के साथ यहां पहुंची थीं। उनकी तीन साल की बेटी है।

रात में कृतिका मीनाक्षी की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जागी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखा। पुलिस को सूचना दी।

मीनाक्षी से शादी करना चाहता था पवन

खजूरी सड़क पुलिस के मुताबिक, पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं थी।

पुलिस को आशंका है कि इसी बात को लेकर रविवार देर रात विवाद के बाद पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया होगा। इसके बाद घर से करीब 20 मीटर दूर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से बैंक पासबुक मिली है।

इंदौर में हुई थी मीनाक्षी और पवन की मुलाकात

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था। मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में ही हुई थी। उन दिनों मीनाक्षी अविवाहित थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

एडिशनल डीसीपी संजीव पाठक ने बताया कि करीब दो साल पहले मीनाक्षी का पति से तलाक हो चुका था।

आंगन में हत्या की, शव घसीटकर कमरे में लाया

पुलिस का अनुमान है कि हत्या आंगन में की गई है। आरोपी शव को घसीटकर घर के पहले कमरे में ले गया। फिर बाहर से लॉक कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एफएसएल से भी जांच कराई है। अधिकारियों ने कहा- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Comment