न्यायाधीश ऋषि तिवारी की स्मृति में 45वाँ निःशुल्क नेत्र शिविर संपन्न
15 मोतियाबिंद मरीज चित्रकूट रवाना
संजय सिंह मझौली
सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए ऋषिकेश फाउंडेशन के तत्वावधान में बड़ा बाँध स्थित ऋषिकेश आश्रम परिसर में न्यायाधीश ऋषि तिवारी की स्मृति में 45वें निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि फाउंडेशन द्वारा जनसेवा के इस अभियान के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को नियमित रूप से इस निःशुल्क शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद तबके तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है।
इस माह आयोजित शिविर में आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से 50 जरूरतमंद मरीजों ने पंजीयन करवाकर अपनी आँखों की मुफ़्त जाँच कराई। शिविर के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने मरीजों की दृष्टि का परीक्षण किया एवं आवश्यक परामर्श दिया। जाँच के उपरांत मोतियाबिंद से ग्रसित 15 मरीजों का चयन किया गया, जिन्हें निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए विशेष वाहन द्वारा चित्रकूट स्थित सुप्रसिद्ध नेत्र अस्पताल रवाना किया गया।
फाउंडेशन द्वारा शिविर स्थल पर पहुँचे सभी आगंतुकों, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए जलपान सेवा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही, चित्रकूट जाने वाले 15 मरीजों को इसके लिए फाउंडेशन द्वारा उनके भोजन एवं स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई।
ऋषिकेश फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज के वंचित, असहाय और गरीब वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना ही संस्थान का मुख्य ध्येय है। यह सेवा कार्य भविष्य में भी इसी निरंतरता और निष्ठा के साथ जारी रहेगा।